● सूरजपुर की 15 वर्षीय बालिका 6 माह से लापता, बेंगलुरु बाल विकास गृह में होने की पुष्टि
● जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग, छात्र संगठन ने सौंपा ज्ञापन
![]() |
| ●ज्ञापन सौंपते हुए |
सूरजपुर। जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम करौती, थाना चांदनी, बिहारपुर निवासी एक 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के पिछले छह माह से लापता होने का मामला गंभीर होता जा रहा है। बालिका के बेंगलुरु स्थित बाल विकास गृह में होने की जानकारी सामने आने के बावजूद अब तक उसे परिजनों के सुपुर्द नहीं किया जा सका है।
इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI), जिला सूरजपुर द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्यवाही की मांग की गई है।
कैसे हुई थी बालिका की गुमशुदगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 30 जुलाई 2025 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर घर से ले जाई गई थी। वह सूरजपुर के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में अध्ययनरत थी तथा विक्की कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
परिजनों द्वारा तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, साथ ही पूर्व में प्रशासन को भी आवेदन सौंपा गया था। बावजूद इसके, बालिका अब तक वापस नहीं लौट पाई है।
![]() |
| ●ज्ञापन |
बेंगलुरु बाल विकास गृह में रखे जाने की पुष्टि
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बालिका को बेंगलुरु के यशवंतपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित बाल विकास गृह में रखा गया है। बताया गया कि जिस व्यक्ति ने बालिका को वहां पहुंचाया था, वह तो वापस आ गया, लेकिन बालिका अब भी वहीं है।
कुछ माह पूर्व सूरजपुर से महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस बल और परिवार के एक सदस्य बालिका को लेने बेंगलुरु गए थे, लेकिन पुलिस पहचान पत्र (ID) का मिलान न होने के कारण बालिका को सौंपने से इनकार कर दिया गया।
ग्रामीण परिवार की बढ़ती परेशानी
बालिका के परिजन ग्रामीण परिवेश से हैं और जानकारी व संसाधनों के अभाव में लगातार परेशान हो रहे हैं। वे कई जगह आवेदन कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।
NSUI ने की त्वरित कार्यवाही की मांग
NSUI जिलाध्यक्ष आकाश साहू सहित संगठन पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि
● बालिका को सुरक्षित रूप से शीघ्र वापस लाया जाए
● महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया जाए
इस दौरान मुख्यरूप से पूर्व भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी सिंह, इंटक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुस्तफा खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ज़फर हैदर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया उपस्थित थे।


0 टिप्पणियाँ