● बाइक सवार को बचाने के दौरान चालक ने खोया नियंत्रण, जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
सूरजपुर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एसडीएम का वाहन अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा। जानकारी के अनुसार, एसडीएम अजय मडियम रामानुजनगर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देव नगर गांव के पास सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया।
नियंत्रण बिगड़ते ही वाहन सड़क से हटकर पास के एक मकान में जा घुसा। गनीमत रही कि उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में एसडीएम अजय मडियम सहित दो आरक्षक और वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय सूरजपुर लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके की स्थिति का जायजा लिया और घटना की जानकारी ली।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। हालांकि समय रहते चालक की सतर्कता से एक बड़ी जनहानि टल गई।


0 टिप्पणियाँ