मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने पर FIR की मांग

● धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप

● सार्वजनिक मंच से बयान, महिलाओं की गरिमा पर सवाल

सूरजपुर। मुस्लिम समाज अम्बिकापुर की ओर से थाना कोतवाली में एक लिखित शिकायत सौंपते हुए सार्वजनिक मंच से मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक, अपमानजनक एवं भड़काऊ बयान दिए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायत पत्र में बताया गया है कि हाल ही में अम्बिकापुर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित रूप से मुस्लिम समाज की महिलाओं को निशाना बनाकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। यह बयान न केवल महिलाओं की गरिमा, सम्मान और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि इससे समाज में धार्मिक वैमनस्य, असहिष्णुता और तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हुई है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि किसी भी सार्वजनिक मंच से किसी विशेष समुदाय, खासकर महिलाओं के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी करना भारतीय संविधान में निहित समानता, गरिमा और धार्मिक सौहार्द के सिद्धांतों के विरुद्ध है। ऐसे बयान सामाजिक शांति भंग करने की श्रेणी में आते हैं और इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।

मुस्लिम समाज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में सौहार्द बना रहे।

इस दौरान प्रमुख रूप से सहजाद अली शेख, ताहिर हुसैन अंसारी, असगरी सिद्दकी, निशांत अंजुम सहित समाज के लोग शामिल थे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ