अंबिकापुर। अनजुमन इस्लाहुल मुस्लिमीन (वक्फ) जामा मस्जिद, जय स्तंभ चौक, अंबिकापुर द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार हजरत बाबा मुराद शाह व हजरत बाबा मोहब्बत शाह (रह.) का सालाना उर्स इस वर्ष 20, 21 एवं 22 मई 2026 को तकिया मजार शरीफ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन सरगुजा संभाग का सबसे बड़ा सार्वजनिक उत्सव माना जाता है, जो हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है।
20 मई को निकलेगा भव्य जुलूस, रात में मुशायरा
कार्यक्रम की शुरुआत 20 मई की शाम 4 बजे जामा मस्जिद से धुमाल पार्टी और आतिशबाजी के साथ चादर-संदल के जुलूस से होगी, जिसमें सभी धर्मों के लोग शामिल होंगे। जुलूस तकिया मजार शरीफ पहुंचेगा, जहां चादर पेशी के बाद औलियाए दिन की तकरीर होगी। रात 9 बजे से ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध शायर और कवि शिरकत करेंगे।
21-22 मई को होगा कव्वाली मुकाबला
21 और 22 मई को हिंदुस्तान के नामी कव्वालों के बीच भव्य कव्वाली मुकाबला आयोजित होगा। अनजुमन कमेटी द्वारा जारी खतों के माध्यम से देशभर के कव्वालों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन में सरगुजा सहित अन्य प्रदेशों से हजारों की संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना है।
प्रशासन से व्यवस्था की अपील
कमेटी ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा, ट्रैफिक, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जनप्रतिनिधियों को दिया गया निमंत्रण
कार्यक्रम में हर वर्ष की तरह इस बार भी मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें से कई ने अपनी सहमति दे दी है।
इस वर्ष कार्यक्रम के संयोजक के रूप में अनजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी को नियुक्त किया गया है।

0 टिप्पणियाँ