देवनगर में ‘नेक पहल’ निःशुल्क लाइब्रेरी का शुभारंभ 23 जनवरी को



सूरजपुर। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए ‘नेक पहल’ यूथ क्लब देवनगर एवं ग्राम पंचायत देवनगर के संयुक्त तत्वावधान में ‘नेक पहल’ निःशुल्क लाइब्रेरी का शुभारंभ किया जा रहा है। यह शुभारंभ कार्यक्रम 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित होगा।

कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10:30 बजे से तहसील कार्यालय देवनगर परिसर में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह लाइब्रेरी क्षेत्र के छात्रों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क सुविधा प्रदान करेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर ‘नेक पहल’ का संदेश “संघर्ष से सफलता तक” को आत्मसात करते हुए समाज के सभी वर्गों से सहभागिता और सहयोग की अपील की गई है। आयोजकों ने बताया कि लाइब्रेरी में उपयोगी पाठ्य सामग्री, संदर्भ पुस्तकें और शांत अध्ययन व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ