सुरजपुर। सुरजपुर जिले के ग्राम पंचायत देवनगर निवासी डॉ. मोहम्मद इरशाद ने निरंतर कड़ी मेहनत और लंबे संघर्ष के बाद बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने किर्गिस्तान से MBBS की पढ़ाई पूरी कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया और इसके बाद भारत में भी प्रथम प्रयास में FMGE (National Board of Examination in Medical Sciences) की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जिले सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
डॉ. मोहम्मद इरशाद ने विदेश में पाँच वर्षों तक मेडिकल की पढ़ाई करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद भारत में प्रैक्टिस के लिए आवश्यक FMGE परीक्षा को उन्होंने पहले ही प्रयास में पास कर एक नई मिसाल कायम की।
इस वर्ष FMGE परीक्षा में देश-विदेश से कुल 43,933 डॉक्टरों ने हिस्सा लिया, जिनमें से लगभग 10,000 डॉक्टर ही सफल हो पाए। इतनी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रथम प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
डॉ. इरशाद के पिता श्री मो. इसराइल नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके बड़े भाई मो. इकबाल ने हर चरण में उनका मार्गदर्शन और हौसला बढ़ाया। डॉ. इरशाद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, बड़े भाई के सहयोग, परिवारजनों के समर्थन, गुरुजनों और मित्रों के मार्गदर्शन को दिया है।
डॉ. मोहम्मद इरशाद ने कहा, “इस सफलता के पीछे मेरे माता-पिता का आशीर्वाद, बड़े भाई मो. इकबाल का सहयोग, परिवार का विश्वास और मेरे गुरुजनों का मार्गदर्शन है। इनके बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।”
उनकी इस सफलता से देवनगर सहित पूरे सुरजपुर जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयाँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। डॉ. मोहम्मद इरशाद की यह उपलब्धि मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

0 टिप्पणियाँ