● रामानुजनगर परियोजना अंतर्गत कल्याणपुर सहित जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों के पोषण स्तर का किया जा रहा सटीक आकलन
सूरजपुर। रामानुजनगर परियोजना अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्याणपुर सहित सूरजपुर जिले की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार से ‘वजन त्योहार’ का शुभारंभ किया गया है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले के कुल 2080 आंगनबाड़ी केंद्रों में छह वर्ष से कम आयु के बच्चों का वजन मापन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर का सटीक आकलन कर कुपोषण की वास्तविक स्थिति सामने लाना है।
वजन त्योहार के अंतर्गत समुदाय की सक्रिय सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन लिया जा रहा है। यह अभियान 9 से 18 फरवरी तक संचालित किया जा रहा है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर बच्चों के पोषण स्तर का विश्लेषण किया जाएगा, ताकि कुपोषण दूर करने के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकें।कलेक्टर ने पालकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अपने बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में लेकर आएं और वजन त्योहार में भाग लें। सही एवं तथ्यात्मक आंकड़ों से न केवल बच्चों के स्वास्थ्य की वास्तविक जानकारी मिलेगी, बल्कि कुपोषण मुक्त सूरजपुर के लक्ष्य को साकार करने में भी सहायता मिलेगी।


0 टिप्पणियाँ