शब-ए-बारात आज: इबादत, मग़फ़िरत और रहमतों की मुक़द्दस रात

विशेष रिपोर्ट। आज पूरी दुनिया में मुस्लिम समाज शब-ए-बारात पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मना रहा है। इस्लामी कैलेंडर के मुताबिक यह रात शाबान महीने की 14वीं और 15वीं तारीख़ के दरमियान आती है, जिसे रहमत, बरकत और मग़फ़िरत की रात कहा जाता है। मान्यता है कि इस रात अल्लाह तआला अपने बन्दों की दुआओं को क़ुबूल फरमाते हैं और पूरे साल के अमल, रिज़्क़, ज़िंदगी और मौत से जुड़े फ़ैसले लिखे जाते हैं।

इबादत और तौबा की रात

शब-ए-बारात की रात मुसलमान नफ़्ल नमाज़, कुरआन-ए-पाक की तिलावत, ज़िक्र-ओ-अज़कार और तौबा-इस्तिग़फ़ार में गुज़ारते हैं। मस्जिदों में देर रात तक रौनक रहती है। बुज़ुर्गों, नौजवानों और बच्चों तक में इस मुक़द्दस रात को लेकर खास उत्साह देखा जाता है। लोग अपने गुनाहों से तौबा कर अल्लाह से रहमत की दुआ मांगते हैं।

क़ब्रिस्तानों में फ़ातेहा और दुआ

इस रात क़ब्रिस्तानों में जाकर अपने मरहूम रिश्तेदारों के लिए फ़ातेहा पढ़ने और मग़फ़िरत की दुआ करने की परंपरा भी है। माना जाता है कि इस रात में की गई दुआएं मरहूमों के लिए सुकून का सबब बनती हैं। क़ब्रिस्तानों में साफ़-सफाई और चराग़ां भी किया जाता है।

समाज में भाईचारा और नेकी का पैग़ाम

शब-ए-बारात केवल इबादत की रात ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, माफ़ी और इंसानियत का पैग़ाम भी देती है। लोग एक-दूसरे से गिले-शिकवे दूर कर सुलह की राह अपनाते हैं। कई जगहों पर ग़रीबों और ज़रूरतमंदों में खाने-पीने की चीज़ें और मिठाइयां बांटी जाती हैं।

हलवा और पारंपरिक पकवान

शब-ए-बारात पर घरों में खास तौर पर हलवा और पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं, जिन्हें पड़ोसियों और रिश्तेदारों में तकसीम किया जाता है। यह परंपरा आपसी मोहब्बत और साझा संस्कृति को मज़बूत करती है।

शब-ए-बारात का संदेश

शब-ए-बारात हमें अपने अमल सुधारने, बड़ों का एहतराम करने, छोटों पर रहम करने और समाज में अमन-ओ-शांति कायम रखने की सीख देती है। यह रात याद दिलाती है कि इंसान को अपने कर्मों का हिसाब देना है और अल्लाह की रहमत का दरवाज़ा हर समय खुला है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ