![]() |
| ज्ञापन सौंपते हुए |
कोरबा। जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस कोरबा के ग्रामीण महासचिव एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि मधुसूदन दास ने कलेक्टर को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में कहा गया है कि सरकारी दावों के विपरीत जमीनी हकीकत अलग है और किसान कई तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
पत्र के अनुसार कोरकोमा, सोनपुरी, चचिया, कुदमुरा, तिलकेजा सहित कई धान खरीदी केंद्रों में किसानों से तय मानक से अधिक धान लिया जा रहा है। आरोप है कि 40 किलो 850 ग्राम धान लिया जा रहा है। साथ ही किसानों से हमाली, तौल, बोरा सिलाई और स्टैकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, जबकि इन कार्यों का भुगतान किसानों को किया जाना चाहिए।
मधुसूदन दास ने यह भी उल्लेख किया है कि कुछ केंद्रों में स्टैकिंग के लिए पर्याप्त भूसा उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे धान खुले में रखा जा रहा है। इससे किसानों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। पत्र में यह भी कहा गया है कि प्रशासन की चुप्पी कहीं न कहीं इन अनियमितताओं को मौन स्वीकृति देने जैसी प्रतीत होती है।
उन्होंने बताया कि कोरकोमा धान मंडी में समिति द्वारा पर्याप्त हमाल नहीं रखे गए और अतिरिक्त धान का तौल भी किया जा रहा है। इस संबंध में खाद्य निरीक्षक की जांच में भी तथ्य सामने आए थे, लेकिन इसके बावजूद आज तक संबंधित केंद्र प्रबंधक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पत्र के अंत में कलेक्टर से मांग की गई है कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच कराई जाए और दोषी समिति प्रबंधकों व जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को हो रही समस्याओं से राहत मिल सके।


0 टिप्पणियाँ