रामानुजनगर में टी.एस. सिंह देव का जोशीला स्वागत, कांग्रेस को एकजुट होकर काम करने का संदेश


 ● नव निर्मित भवन लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री, एकजुटता और जनसेवा पर दिया जोर

 निजी कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय

● पारंपरिक नृत्य और सम्मान समारोह के साथ हुआ भव्य स्वागत

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर में सरगुजा के महाराजा एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव का भव्य और जोशीला स्वागत किया गया। अवसर था रामानुजनगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेश राजवाड़े के नव निर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम का।
इस कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव के साथ पूर्व मंत्री प्रेमसाय टेकाम, पूर्व सांसद खेलसाय सिंह, पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, शफी अहमद, सुभाष गोयल सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कांग्रेस को मजबूत करने का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टी.एस. सिंह देव ने सबसे पहले सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करना समय की आवश्यकता है। चुनाव जीतना बड़ी बात नहीं है, बल्कि जनता के बीच रहकर उनके काम करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में “तीस करोड़ के धान मुसवा खा गए” वाले बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को मजबूती और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अपील की कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए ईमानदारी से काम करें।

गुटबाजी से दूर रहने की अपील

टी.एस. सिंह देव ने स्पष्ट कहा कि पार्टी में गुटबाजी से कोई लाभ नहीं होता। सभी को मिलकर, साथ रहकर काम करना चाहिए। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनकी मदद करना ही कांग्रेस की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता एक हैं और एकता के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
कार्यक्रम से जिलाध्यक्ष की दूरी बनी चर्चा का विषय

हालांकि यह एक निजी कार्यक्रम था, लेकिन सूरजपुर की नव निर्वाचित कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह और उनकी टीम की अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को जन्म दे दिया। यह पहला अवसर नहीं था जब इस तरह की स्थिति सामने आई हो। इससे पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन पर भी इसी तरह का दृश्य देखने को मिला था, जहां बाबा समर्थक कार्यक्रम से दूर नजर आए थे।

भव्य स्वागत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम से पूर्व टी.एस. सिंह देव का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में करमा, सुवा जैसे पारंपरिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस दौरान टी.एस. सिंह देव ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्मानित किया तथा कांग्रेस का पट्टा पहनाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का संचालन व समापन

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन नरेश राजवाड़े द्वारा किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष भागवती राजवाड़े, राजू सिंह, अश्वनी सिंह, जफर हैदर, शमशेर खान, अखलेश बाबा, मनोज डालमिया, पुष्पेंद्र सिंह, प्रमोद पांडेय, लालकेश्वर सिंह, विनोद उपाध्याय, अविनाश यादव, शिव राजवाड़े सहित जिले के सभी मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन उपरांत प्रीति भोज का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने सहभागिता करते हुए आनंद लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ